रुद्रपुर में एक युवक शादी का झांसा देकर युवती का साढ़े चार साल तक यौन शोषण करता रहा। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो युवक मुकर गया और जान से मरवाने की धमकी तक दे दी।
आरोप है कि युवक के परिजनों का भी शादी करने का आश्वासन झूठा निकला। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक और तीन परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरु कर दी है।
मूल रुप से खटीमा और वर्तमान में इंद्रा कालोनी निवासी युवती ने तहरीर देकर कहा है कि वर्ष 2008 में बनारस पेपर देने जाते समय उसकी मुलाकात ग्राम गऊघाट किच्छा निवासी एक युवती से हुई थी।
बातों-बातों वह युवती के भाई गगनदीप सिंह लाहौरिया के संपर्क में आ गई। गगनदीप ने 28 जुलाई 2011 को उसे जगतपुरा में किराए का मकान और सिडकुल की एक फैक्ट्री में नौकरी पर लगवा दी। इसी बीच 20 अगस्त 2011 को गगन उसके कमरे में आया और जबरन शारीरिक संबंध बना लिए।
क्लीपिंग सार्वजनिक करने, जान से मरवाने की धमकी
विरोध करने पर गगन ने शादी करने का आश्वासन दिया। इसी बीच गगन ने अपने घर ले जाकर पिता सिमरतवीर और मां हरप्रीत से भी मिलवाया। दोनों ने कुछ समय बाद शादी करवाने का आश्वासन दिया। वह गगनदीप पर भरोसा करती रही और वह उसकी अस्मत से खेलता रहा।
शादी करने की बात को टालता रहा। बीते 27 दिसंबर को उसने संजयनगर खेड़ा में रहने वाली अपनी रिश्तेदार के घर उसे बुलाया और विरोध के बावजूद शारीरिक संबंध बना डाले। जब उसने शादी करने की बात कही तो गगनदीप बौखला गया। गगन ने शादी नहीं करने और किसी को शिकायत करने पर उसके साथ बनाई वीडियो क्लीपिंग सार्वजनिक करने, जान से मरवाने की धमकी दी।
31 दिसंबर को उसने गगन के घर जाकर उसके भाई देशवीर और माता-पिता को गगनदीप के कारनामों की जानकारी दी तो उन्होंने बदसलूकी कर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।
एसओ ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर गगनदीप सिंह, पिता सिमरतवीर, मां हरप्रीत कौर और भाई देशवीर सिंह पर धारा 376, 504, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।