डायरेक्टर रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) से बर्खास्त एएसआई रंजीत सिंह के पास से अजनाला पुलिस ने पाकिस्तानी सिम, मोबाइल, भारतीय सिम और एक डायरी बरामद की है। डायरी में 15 पाकिस्तानी तस्करों के नाम लिखे हैं।
इनमें पाकिस्तान के दो प्रमुख तस्करों काला और अनवर का पक्का पता लाहौर शहर लिखा है। अजनाला पुलिस ने रंजीत सिंह को 29 जनवरी की देर शाम अटारी के नजदीकी गांव मोदे से गिरफ्तार किया था। शनिवार को उसे अजनाला सीजेएम की विशेष अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अजनाला थाना प्रभारी जगबीर सिंह औलख के मुताबिक 27-28 जनवरी की रात कोलम डोगर पर पाक तस्करों ने फायरिंग की थी। बीएसएफ की जवाबी फायरिंग में पाक तस्कर सीमा पर मैगजीन छोड़ फरार हो गए। इसी दौरान बीएसएफ को कंटीले तार के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया।
बीएसएफ ने 28 जनवरी को इसकी जानकारी अजनाला पुलिस को दी। अजनाला पुलिस ने शक के आधार पर रंजीत सिंह को 29 जनवरी को उसके गांव मोदे से हिरासत में ले लिया। रंजीत सिंह की सीमा के नजदीक लगभग आठ एकड़ जमीन है। यहीं से वह अक्सर पाक तस्करों से संपर्क करता था।