फौजी पति ने शुक्रवार रात अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से घायल कर उसे नैनीताल हल्द्वानी एनएच से लगे नैनीताल खुर्पाताल बाईपास मार्ग में लगभग 50 मीटर दूर खाई में फेंक गया।
महिला के कराहने की आवाज सुनी
जानकारी के मुताबिक नैनीताल-खुर्पाताल बाईपास मार्ग पर घास काटने गई ताकुला निवासी कमला और उसके पति बिजेंद्र प्रसाद ने खाई में महिला के कराहने की आवाज सुनी।
इस बीच, घास काटने गए अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और वे महिला को मुख्य मार्ग तक लाए। सूचना पर थानाध्यक्ष नित्यानंद पंत और एसआई आनंद अधिकारी भी वहां पहुंच गए।
उन्होंने घायल महिला को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां से महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
रात करीब 11 बजे पति घर आया
तहसीलदार बीएस लटवाल तथा पट्टी पटवारी भुवन जोशी को दर्ज कराए बयान में महिला ने अपना नाम प्रेमा (31) पत्नी गोविंद रौतेला बताया। उसने बताया कि वह धारानौला (अल्मोड़ा) में किराए पर रहती है।
ध्योली लमगड़ा में उसका ससुराल है जबकि चेलछिना दन्यां में मायका। उसके पिता राम सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। महिला के दो लड़के भी हैं। बड़ा बेटा नौ साल तथा छोटा छह साल का।
महिला ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसका फौजी पति छुट्टी पर घर आया और उसके साथ आए युवक को रानीखेत छोड़ने और जल्द लौटने की बात कहकर उसे भी अपने साथ ले गया।
पति के साथ उसके दोस्त को छोड़ने चली गई
महिला ने बताया कि बच्चे सो रहे थे इसलिए घर पर ताला लगाकर वह पति के साथ उसके दोस्त को छोड़ने चली गई।
वे लोग कार से जा रहे थे कि रास्ते में पति ने उसके साथ मारपीट की तथा उसके सिर के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
इसके बाद उसे मरा समझ कर नैनीताल-खुर्पाताल बाइपास पर खाई में फेंक दिया। अर्ध बेहोशी की हालत में महिला ने बताया कि उसका एक टॉप्स, गले का हार, नाक की कील और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया है।
बीडी पांडे अस्पताल के डॉक्टर अनिरुद्ध गंगोला ने बताया कि घायल महिला के सिर के पिछले हिस्से में तीन कट लगे हैं। महिला के सिर पर तीन दर्जन टांके लगे हैं। महिला की गर्दन में रस्सी के निशान भी हैं।
अल्मोड़ा महिला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज
नैनीताल में घायल मिली प्रेमा रौतेला के चचेरे भाई गोधन सिंह ने शनिवार शाम अल्मोड़ा के महिला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों ने बताया कि प्रेमा का पति गोविंद सिंह रौतेला एक दिन पहले ही छुट्टी आया था और शनिवार को पत्नी को घुमाने की बात कहकर साथ ले गया था।
महिला के दोनों बच्चे धारानौला में अपने नाना के साथ हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन नैनीताल रवाना हो गए हैं।
‘घायल के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज करा लिए गए हैं। अल्मोड़ा पुलिस को प्रकरण की जानकारी दे दी गई है। महिला के परिजनों को पहले हल्द्वानी ले लाया जाएगा। उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
- विम्मी सचदेवा, एसएसपी नैनीताल