कृष्णानगर में चोर शुक्रवार रात पुलिस चौकी से चंद कदम दूर मेन रोड पर स्थित मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर तीन लाख नगद और 14 लाख के फोन समेत अन्य सामान उठा ले गए।
इसके अलावा एक गारमेंट्स शॉप में रोशनदान के रास्ते घुसकर नगदी चुरा ले गए। इलाके में सघन गश्त का दावा कर रही पुलिस को शनिवार सुबह तक दोनों वारदातों की भनक तक नहीं लगी।
मोहल्ला पूरननगर में मेन रोड पर ऐश्वर्य भवनानी की ‘राज डीजी वर्ल्ड’ नामक शॉप है। दुकान के ऊपर ही पूरा परिवार रहता है। सैमसंग कंपनी की फ्रेंचाइजी होने के नाते दुकान के बड़े हिस्से में मोबाइल शोरूम है।
इसके अलावा कीमती कैमरे, एलईडी, लैपटॉप भी थे। ऐश्वर्य के अनुसार शनिवार सुबह 9:45 बजे दुकान खोलने पहुंचने पर शटर टूटा देख पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात शुरू की।
पीड़ित के अनुसार दुकान से 14 लाख के मोबाइल व अन्य कीमती सामान के साथ ही चोर कैश बॉक्स में रखे 2.80 लाख रुपये उठा ले गए। पुलिस के अनुसार एंगल काटने के बाद चोरों ने जैक लगाकर शटर उठाया।
शटर उठाने से बनी जगह देखकर इस बात की आशंका जताई जा रही है कि चोर अपने साथ बच्चे को लाए थे। जिसे दुकान के अंदर भेजकर खुद बाहर खड़े रहे और बच्चा के माल समेटने के बाद फरार हो गए।
साथ ही थोड़ी दूर स्थित प्रदीप कुमार राजपाल की गारमेंट्स शॉप में चोरी का पता चला। प्रदीप के अनुसार दुकान के पिछले हिस्से में रोशनदान तोड़कर घुसे चोर ने कैश बॉक्स से 14 हजार रुपये व अन्य कीमती सामान चोरी किया है।
रोशन दान इतना बड़ा नहीं है कि उससे बड़ा आदमी अंदर जा सके। इसके चलते दोनों वारदात में एक ही गैंग का हाथ होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार गैंग चोरी में बच्चों का इस्तेमाल कर रहा है।
मेन रोड पर स्थित पुलिस चौकी से चंद कदम दूर दो दुकानों में चोरी का पता चलते ही इलाके के व्यापारी एकत्र हो गए। गश्त में लापरवाही से अपराधियों के हौसले बुलंद होने की बात कहते हुए हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।