देहरादून के बड़ोवाला में रहने वाला हरीश बीबी से जुदाई बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसकी चुन्नी को फांसी का फंदा बना जीवन की डोर काट ली।
बेटे के साथ मायके गई थी पत्नी
विवाद के चलते कई माह पहले उसकी पत्नी 11 माह के बेटे के साथ अपने मायके दिल्ली चली गई थी। करीब डेढ़ साल पहले ही हरीश दुबई से नौकरी कर लौटा था।
तब से वह पिता की मिठाई की दुकान पर बैठता था। पटेलनगर के आर्केडिया ग्रांट बड़ोवाला निवासी मबानंद गोदियाल की गोरखपुर चौक पर मिठाई की दुकान है। इसमें दोनों बेटे भी हाथ बंटाते थे। छोटे बेटे हरीश (28) की शादी दिल्ली निवासी युवती से हुई थी। 11 माह पहले एक बेटा भी हुआ था।
कई माह पहले दोनों में विवाद हुआ तो पत्नी मायके चली गई। इससे हरीश काफी मानसिक तनाव में रहता था। हमेशा की तरह हरीश मंगलवार को अपने कमरे में सोया था पर जब सुबह नहीं उठा तो परिजनों को चिंता हुई। वे अंदर गए तो हरीश पंखे पर लटका दिखा। उसने चुन्नी का फं दा बनाकर जान दे दी थी।
इससे घर में कोहराम मच गया और आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को उतारा तो सुसाइड नोट मिला।
10 पेजों पर उतारी व्यथा
हरीश ने मौत से पहले 10 पन्नों पर मन की व्यथा उतारी है। आईएसबीटी चौकी प्रभारी शिवमोहन शाह ने बताया कि सुसाइड नोट में हरीश ने बीवी के दूरी होने से तनाव का जिक्र किया है। परिवार के अन्य सदस्यों के की गलतियों और अच्छाइयों का भी उल्लेख है।
तीन दिनों से नहीं किया था भोजन
देहरादून। गहरे अवसाद के कारण हरीश ने तीन दिनों से खाना भी नहीं खाया था। पिता ने पुलिस को बताया कि उसे काफी समझाया गया, लेकिन वह अंदर ही अंदर टूटता गया। वह कई दिनों से बात भी नहीं कर रहा था।