उत्तराखंड की सीमा से लगे बिजनौर के हल्दौर क्षेत्र के डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ उसी के गांव के युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने छात्रा को ब्लैकमेल करने के लिए विडियो क्लिप बना ली।
जब छात्रा ने आरोपियों की बात नहीं मानी तो विडियो क्लिप ससुरालियों को सौंप दी, इससे उसका रिश्ता टूट गया। थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा हल्दौर के एक डिग्री कॉलेज में बीए में पढ़ती है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि गांव का एक युवक उससे रोजाना छेड़छाड़ करता था।
उसने इसकी शिकायत परिजनों से करने की धमकी दी। अगले दिन वह अपने चार पांच साथियों को लेकर आया। स्कूल से लौटते समय रास्ते में साइकिल गिराकर उसे दबोच लिया। उसे गन्ने के खेत में खींचकर ले गए और गैंगरेप किया।
क्लिप नेट पर डालने की धमकी
इस दौरान आरोपियों ने उसकी विडियो क्लिप बना ली। परिजनों को बताने पर आरोपियों ने क्लिप नेट पर डालने की धमकी दी। परिवार की इज्जत के कारण उसने मुंह बंद रखा।
इस बीच गांव का आरोपी युवक उसको मोबाइल से फोन करके बताई जगह पर आने के लिए दबाव डालता रहा। परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। आरोपी ने फोन पर गांव में बारात नहीं आने की धमकी दी और विडियो क्लिप तथा अश्लील फोटो ससुराल वालों को सौंप दिए।
इस कारण उसका रिश्ता टूट गया है। प्रभारी निरीक्षक रविराज दीक्षित का कहना है कि छात्रा की ओर से तहरीर मिल गई है। इसमें गांव के एक युवक को नामजद किया है। मामले की जांच की जा रही है।
बच्ची के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
नैनीताल जिले के भीड़ापानी क्षेत्र में जंगल में लकड़ी बीनने गई बच्ची से तमंचे के बल पर रेप किया गया। बच्ची से हुई पूछताछ के बाद उसके पिता की ओर से राजस्व पुलिस को दी तहरीर में इसका खुलासा हुआ है।
राजस्व पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, बुधवार को पीड़ित बच्ची का हल्द्वानी स्थित महिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्ची स्कूल से आने के बाद पास के जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। तहरीर के मुताबिक लकड़ी बीनते समय वहां पहुंचे एक युवक ने तमंचे के बल पर उससे रेप किया और बाद में धमकी देते हुए फरार हो गया।
बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। बुधवार को बच्ची के पिता ने पटवारी चौकी में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया है।
इधर, बुधवार को पट्टी पटवारी पद्मा दत्त बुधौड़ी, हेम जोशी, पूरन चंद्र गुणवंत, महिला कांस्टेबल नंदी देवी पीड़ित बच्ची को मेडिकल के लिए हल्द्वानी स्थित महिला अस्पताल ले गए। पटवारी बुधौड़ी ने बताया कि बच्ची के अनुसार आरोपी पास के गांव भूमका का रहने वाला है। बच्ची के बताए हुलिए के आधार पर राजस्व पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।