हरिद्वार जिले के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने अपने ही चाचा पर अस्मत लूटने का आरोप लगाया है।
युवती ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपी चाचा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसके चंगुल से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
युवती का आरोप है कि उसने रानीपुर कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उसे थाने से भगा दिया था।
कई बार बनाया हवस का शिकार
सीतापुर (यूपी) के एक गांव का परिवार रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में मजदूरी कर पालन पोषण कर रहा है। तीन साल पूर्व आरोपी ने अपने भाई की 16 वर्षीय पुत्री को लाकर रख लिया था।
आरोप है कि हरिद्वार आने के बाद से ही आरोपी ने अपनी ही भतीजी से छेड़खानी शुरू कर दी। आरोपी ने तीन वर्ष में कई बार भतीजी को अपनी हैवानियत का शिकार बनाया।
पड़ोसी महिला से बताई आपबीती
कुछ दिन पहले पीड़िता ने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला को मामले की जानकारी दी। महिला ने युवती के पिता को भी इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोपी ने विरोध करने पर सभी को जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कुछ दिन पहले युवती पड़ोसी महिला के साथ रानीपुर कोतवाली में शिकायत करने पहुंची, लेकिन पुलिस ने उन्हें भगा दिया।
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
कोतवाली से भगा दिए जाने के बाद अब पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
थाना पुलिस को जांच के आदेश कर दिए हैं। इसके बाद ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।