शादी के लिए घर वालों की जबरन दबाव डालने से आजिज किशोरी खुदकुशी के मकसद से बिंदाल पुलिस चौकी परिसर में बने क्वार्टर की दूसरी मंजिल से कूद गई।
गंभीर हालत में लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां काफी कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। दोपहर करीब तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। किशोरी की पहचान देर रात सुमित्रा पुत्री सुबोध सिंह निवासी कुम्हार मंडी के तौर पर की गई।
गिरने से टूट गया जबड़ा
चकराता रोड स्थित बिंदाल पुलिस चौकी परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए क्वार्टर बने हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दूसरी मंजिल की छत से करीब 17 साल की किशोरी मुंह के बल नीचे आ गिरी।
चीख और गिरने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों के परिवारजन बाहर आ गए। चौकी में मौजूद संतरी और दूसरे पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। किशोरी का जबड़ा टूटने के कारण दांत बाहर निकल गए थे।
आनन-फानन उसे सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां करीब तीन घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया।
परिजन कराना चाहते थे शादी
पुलिस के मुताबिक शुरुआती छानबीन में पता चला है कि किशोरी के परिजन उसकी शादी कराना चाहते थे। मगर वह इसके लिए राजी नहीं थी। इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की छानबीन की जा रही है।
कैसे पहुंची दूसरी मंजिल पर
युवती पुलिस क्वार्टर की दूसरी मंजिल तक कैसे पहुंची, इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। इस दौरान वहां न संतरी ने उसे देखा, न क्वार्टर में रहने वाले लोगों की नजर पड़ी।