फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुख्यात सुनील राठी की मां गिरफ्तार, कोतवाली पहुंचे समर्थकों को पुलिस ने लताड़ा

Sat, 11 Nov 2017 09:04 PM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
कोतवाली के बाहर जमी भीड़ - फोटो : amr ujala
विज्ञापन
शहर और आसपास के क्षेत्रों के कारोबारियों और डाक्टरों को धमकी भरे फोन कर रंगदारी मांगकर खौफ फैलाने वाले कुख्यात सुनील राठी की मां राजबाला को रुड़की पुलिस ने टीकरी कस्बा (जिला बागपत, यूपी) स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


इस दौरान पुलिस को स्थानीय लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। सिविललाइंस कोतवाली लाकर पुलिस ने राजबाला का चालान कर कोर्ट में पेश किया। उसके बाद उसे जेल भेज दिया। इसे छुड़ाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने को बड़ी संख्या में लोग दिनभर कोतवाली में जमा रहे।

पिछले सप्ताह चिकित्सक डा. एनडी अरोड़ा ने सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि बागपत जेल में बंद सुनील राठी के नाम से उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
विज्ञापन


पैसे सुनील राठी की मां राजबाला के पास भिजवाने की बात कही गई है। धमकी भरे फोन शहर और आसपास के कई अन्य कारोबारियों को आने की बात पुलिस के अधिकारी कहते रहे हैं।

इस मामले में शहर में बढ़ रहे खौफ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की रणनीति बनाई। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के निर्देशन में स्थानीय पुलिस की टीम शुक्रवार रात टीकरी पहुंची।

टीम ने घर से राजबाला को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन रणनीति के तहत स्थानीय पुलिस की मदद लेकर रुड़की पुलिस सुनील राठी की मां को गिरफ्तार करने में सफल रही और रुड़की लेकर पहुंची।

एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि डा. एनडी अरोड़ा को दी गई धमकी के मुकदमे में गिरफ्तार कर राजबाला को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

कोतवाली में जुटे समर्थक, पुलिस ने दौड़ाया

पुलिस की उम्मीद के विपरीत सुनील राठी की मां राजबाला को छुड़ाने के लिए पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कई जिलों के साथ आसपास के गांव से भी सैकड़ों लोग रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली के बाहर जमा हो गए।

एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल कोतवाली में बुला लिया गया। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने कड़ी फटकार लगाते हुए इन लोगों को कोतवाली से खदेड़ा। इस दौरान राठी के चार समर्थकों को हिरासत में भी ले लिया गया। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। राजबाला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में चौकसी भी बढ़ा दी है।

शनिवार की सुबह राठी की मां राजबाला की गिरफ्तारी की खबर बड़ी तेजी से जिले भर में फैल गई। देखते ही देखते रुड़की कोतवाली के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। यूपी के विभिन्न जिलों के नंबरों वाली गाड़ियों से सवार होकर पहुंचे ये लोग यह जानने को आतुर थे कि राजबाला को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है और कहां रखा गया है।

उससे मिलने के लिए कुछ लोगों की गाड़ियां कभी गंगनहर कोतवाली तो कभी एसओजी के दफ्तर के चक्कर लगाती रही। बाद में सैकड़ों लोग कोतवाली सिविल लाइंस के बाहर जमा हो गए।

दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ रुड़की स्वप्र किशोर सिंह, सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कोतवाली पहुंचे तो बाहर जमा भीड़ उनसे मिलने के लिए कोतवाली पहुंच गई।

इस पर एसपी देहात का पारा चढ़ गया और उन्होंने फटकारते हुए उन सभी को बाहर निकल जाने को कहा। एसपी देहात के तेवर देखते ही सीओ, कोतवाल और अन्य पुलिसकर्मी भी भीड़ के पीछे दौड़ पड़े और उन्हें कोतवाली से बाहर खदेड़ दिया।

इस दौरान भीड़ में शामिल चार युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसपी देहात ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें