उत्तराखंड के नैनीताल जिले में चार युवकों ने नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ बौढ़खत्ता के जंगल में गैंगरेप किया। इतना ही नहीं दरिंदों ने रेप करते वक्त वीडियो भी बनाया।
घटना 20 मई की है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हल्द्वानी स्थित बेस अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद लड़की को मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के तहत बयान के लिए भेज दिया है।
बहन के घर जा रही थी नाबालिग
क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को लिखाई रिपोर्ट में बताया कि 20 मई की दोपहर उसकी 16 वर्षीय पुत्री अपनी बहन के घर हल्द्वानी के लिए निकली थी।
पुराना खत्ता के पास जीप में सवार बिंदुखत्ता निवासी आनंद जोशी, पप्पू रावत, अनिल गुप्ता और दिलीप मेहरा ने नाबालिग को जीप में बैठा लिया और गौलापार के रास्ते बौढ़खत्ता के जंगल में ले गए।
मोबाइल कैमरे से बनाया वीडियो
जंगल में पहुंचने के बाद आनंद जोशी और अनिल गुप्ता ने उसके साथ बलात्कार किया। आरोप है कि इस दौरान पप्पू रावत और दिलीप मेहरा उसकी मोबाइल से वीडियो क्लिपिंग बनाते रहे। बाद में चारों उसे उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
लड़की किसी तरह हल्द्वानी अपनी बहन के यहां पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध 341, 355, 363(झ)(घ), 506, 34 आईपीसी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लालच देकर 9 साल की बच्ची से रेप
काशीपुर क्षेत्र मे भी नौ वर्षीय बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां ने आईटीआई चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराकर कहा कि उसकी कक्षा चार में पढ़ने वाली 9 वर्षीय पुत्री 18 मई को घर के निकट खेल रही थी तभी ग्राम कुकुरझुंडी थाना भगतपुर (मुरादाबाद) निवासी विपिन पुत्र ओम प्रकाश उसकी बेटी को चीज खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया।
देर रात वह स्टेशन से बरामद हुई। लड़की के मुताबिक विपिन उसे नदी किनारे होता हुआ रेलवे पुल के निकट ले गया तथा झाड़ियों में दुष्कर्म कर उसे रेलवे स्टेशन पर छोड़ गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 376 आईपीसी और धारा 4 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पड़ोसी ने लूटी मासूम की इज्जत
रुद्रपुर में पुलिस को एक व्यक्ति ने तहरीर में कहा है कि रविवार सुबह उसकी 14 वर्षीय पुत्री आंगन में झाड़ू लगा रही थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला यामीन अंसारी उसकी बेटी को उठा ले गया और उसने उसके साथ दुराचार किया।
रोते हुए जब उसकी बेटी घर पहुंची तो मामला खुला। इसकी शिकायत करने जब वे आरोपी के घर गए तो उन्होंने उनसे मारपीट कर दी। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर उनकी जान बचाई।
तहरीर पर पुलिस ने यामीन अंसारी के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज करते हुए अन्य आरोपी नवाब, फईम व नईम के खिलाफ भी 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।