हल्द्वानी में सात साल की मासूम लाडली से तीनों आरोपियों ने रेप किया था। मुख्य आरोपी अख्तर अली से पूछताछ के बाद इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने दो अन्य आरोपियों प्रेमपाल और जूनियर मसीह को भी गिरफ्तार किया है।
अख्तर को शुक्रवार को नैनीताल जिला कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया गया है कि उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अन्य दो आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में हत्या, गैंगरेप की धारा जोड़ी जाएगी।
एडीजी कानून व्यवस्था राम सिंह मीणा ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अली उर्फ शमीम पुत्र मकसूद अली निवासी महानाजनी गांव जिला बेतिया (बिहार) डंपर चालक है।
20 नवंबर को उसने अपने साथी डंपर चालक प्रेम पाल (25) पुत्र कृष्णलाल प्रसाद निवासी पीलीभीत हाल निवासी काठगोदाम और मूल रूप से रुद्रपुर जिले के कन्टोपा निवासी खलासी जूनियर मसीह उर्फ पोक्सी पुत्र अरुण मसीह (वर्तमान पता काठगोदाम) के साथ शराब पी। इसके बाद रिसेप्शन में बच्ची को देखकर अख्तर अली मौके पर पहुंचा।
टॉफी का लालच देकर बुलाया फिर उठा ले गए
उसने टॉफी का लालच देकर बच्ची को अपने साथ बुलाया और फिर तीनों उसे उठाकर गौलापार ले गए। जहां उससे तीनों ने दुष्कर्म किया। अधिक रक्तस्राव के चलते बच्ची की मौत हो गई।
अख्तर दूसरे दिन काठगोदाम ट्रेन से दिल्ली भाग गया, जबकि दोनों आरोपी यहीं चुपचाप रहे। अख्तर ने 22 नवंबर की सुबह करीब चार बजे प्रेमपाल को फोन किया और लोकेशन राजपुरा बताई। पुलिस और एसटीएफ ने नंबर की डिटेल निकाली तो प्रेमपाल का नंबर मिला।
प्रेमपाल ने उसकी बताई बात पुलिस को बताई। लेकिन पुलिस ने नंबर की लोकेशन उस वक्त दिल्ली पहाड़गंज निकाली। वहीं से शक शुरू हुआ।
एसएसपी एसटीएफ सदानंद दाते टीम सहित उसकी तलाश में दिल्ली पहुंचे। मगर दिल्ली पहाड़गंज में ही नंबर बंद हो गया।
पोस्टमार्टम में आई थी गैंगरेप की बात
अख्तर का परिवार गुड़गांव में रहता है जिस कारण वह मोबाइल बंद कर दिल्ली से वहां निकल गया। जहां उसने अपनी पत्नी के मोबाइल पर दूसरा सिम डालकर कुछ लोगों से संपर्क किया। फिर परिवार को लेकर लुधियाना में बेटी दामाद के पास गया। जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
लाडली के ताऊ ने घटना की रात पहले अख्तर को पकड़ा था, लेकिन स्थानीय लोगों के कहने पर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के हाथ पहले डंपर चालक नहीं लगा था। खलासी का कहना था कि वह शराब पीने के बाद अपने घर चला गया था।
पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद अख्तर ने दो अन्य आरोपियों प्रेमपाल और जूनियर मसीह के घटना में उसके साथ होने की बात कही। जिस पर शनिवार को तीनों को एक साथ रखकर पूछताछ की गई। जिसमें तीनों के रेप, हत्या और अपहरण में शामिल होने की बात आई।
पोस्टमार्टम के दौरान भी ये बात सामने आई थी कि बच्ची से साथ एक से ज्यादा लोगों ने रेप किया। जिस कारण उसकी मौत हुई। मौत से पहले उसके कोमा में जाने की संभावना भी डॉक्टरों ने जताई थी।