देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छठी की छात्रा के अपहरण पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल पर प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाए। कई घंटे की जद्दोजहद के बाद चिकित्सकों के पैनल द्वारा पीड़िता का दोबारा मेडिकल कराया गया, लेकिन दुराचार की पुष्टि नहीं हो सकी। तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए। उधर, आरोपी हेयर ड्रेसर का चालान कर दिया गया।
प्रेमनगर क्षेत्र से छठी क्लास की छात्रा सोमवार दोपहर को अचानक गायब हो गई। तलाश करने पर भी नहीं मिली तो परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। इसी बीच पुलिस जांच में आया कि छात्रा को एक युवक के साथ आखिरी बार देखा गया था। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
हिंदू संगठनों के नेता पहुंच गए थाने
देर रात में आरोपी सलीम निवासी प्रेमनगर को पकड़कर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। सलीम उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। सुबह के समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल करा दिया। पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में थी।
इसी बीच व्यापार मंडल और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी काफी लोगों के साथ थाने पहुंच गए। उनका आरोप था कि पुलिस आरोपी को हल्की धाराओं में जेल भेजने का प्रयास कर रही है। मेडिकल की औपचारिकता पूरी की गई है। थाने पर हंगामा हुआ तो सीओ सिटी मनोज कत्याल लोगों के बीच पहुंच गए। बातचीत के दौरान उन्हें समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह छात्रा का पुन: मेडिकल कराने की मांग पर अड़ गए। बाद में एसपी सिटी अजय सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा देख अधिकारियों ने चिकित्सकों के पैनल से मेडिकल कराने की घोषणा कर दी।
छात्रा का कराया गया मेडिकल
एसपी सिटी अजय सिंह ने अधिकारियों से बातचीत कर चिकित्सकों का पैनल गठित करा दिया, तब जाकर छात्रा का मेडिकल परीक्षण हुआ। मेडिकल में प्रदर्शनकारियों द्वारा रेप की जताई जा रही आशंका निर्मूल साबित हुई। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। आरोपी सलीम हेयर ड्रेसर की दुकान पर काम करता है। व्यापारी नेता राजीव कुंज ने व्यापार करने के बहाने आने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन कराने की मांग भी की। व्यापारी भूषण भाटिया, विक्की खन्ना, हरीश कोहली, संग्राम सिंह पुंडीर, राजीव शर्मा, राजेश, भोपाल सिंह आदि इस दौरान मौजूद रहे।
भाजपाईयों की मांग पर जांच के आदेश
भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल और महामंत्री राजेंद्र सिंह ढिल्लो की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पीड़िता के साथ अभद्रता किए जाने को लेकर हंगामा करते हुए धरना भी दिया। उनका आरोप था कि पुलिस ने पीड़िता के साथ मारपीट की है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। भाजपा नेता ढिल्लो का कहना है कि एसपी सिटी अजय सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।