विदेश में मेडिकल की शिक्षा दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी के मामले में एक प्राइवेट संस्था के सीनियर काउंसलर के खिलाफ पुलिस ने अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला जुलाहान निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र बुद्ध सिंह ने बताया कि उसके मोबाइल फोन पर विदेश में मेडिकल की शिक्षा दिलाने मैसेज आया। नंबर पर संपर्क करने पर मनीष कुमार नाम के शख्स ने बताया कि वह सीनियर काउंसलर रस एजूकेशन इंडिया प्रा.लि. 24 फिरोज शाह रोड नई दिल्ली बोल रहा है।
वे मेडिकल शिक्षा के लिए ओरन वर्ग स्टेट मेडिकल एकेडमी रशिया से शिक्षा उपलब्ध कराते हैं। उसकी बात पर विश्वास कर उसने अपने दोनों पुत्रों मुकेश कुमार और दीपक कुमार को मेडिकल शिक्षा दिलाने का मन बनाया।
एडमिशन लेकर रशिया पहुंचा तो उड़े होश
काउंसलर ने इसका खर्च 6 लाख 47 हजार रुपए बताया। 2014 में उसने 2.40 लाख रुपए का चेक यूनियन बैंक शाखा जसपुर का दिया और बाकी रुपए मनीष कुमार को अपने घर बुलाकर दे दिए।
इसके बाद उसके पुत्र मुकेश कुमार को ओरन वर्ग स्टेट मेडिकल एकेडमी रशिया भेज दिया गया। लेकिन वहां पता चला कि जैसी सुविधा उसे बताई गई थी, वैसी सुविधा वहां नहीं है। कुछ दिनों बाद उसका पुत्र मुकेश कुमार वापस आ गया। इसके बाद उसने दूसरे पुत्र दीपक को वहां भेजने का इरादा छोड़ दिया।
13 जनवरी, 2015 को उसने मनीष कुमार से मोबाइल पर रुपए लौटाने को कहा तो उसने रुपए देने से मना कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। एसएसआई एससी जोशी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।