देहरादून में एक पिता से उसकी बेटी की शादी का वादा करके जालसाज ने 18 लाख रुपए की जमीन हड़प ली। जमीन नाम आते ही शादी से इनकार कर दिया।
इसकी शिकायत पुलिस में की गई तो पांच माह से केस दर्ज नहीं हुआ। अब एसएसपी के निर्देश के बाद मामले में एक दंपति सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नेहरू कॉलोनी के हरिद्वार रोड बाईपास निवासी बुजुर्ग चमनलाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए एक पंडित के संपर्क में आए थे। एक साल पहले पंडित ने एमडीडीए कालोनी केदारपुरम निवासी राजकुमार शर्मा से उनकी मुलाकात कराई। शर्मा ने अपने बड़े भाई के बेटे से उनकी बेटी की शादी कराने का वादा किया।
कुछ दिन बाद राजकुमार ने चमनलाल को लालच दिया कि वह बेटी और दामाद के नाम जमीन खरीद लें। कहा कि अभी यह सस्ती मिल रही है। आगे चलकर फायदा होगा। चमनलाल को यह बात सही लगी। उन्होंने बेटी की शादी के लिए अपना मकान बेच दिया।
कई किस्तों में उन्होंने 18 लाख रुपए जमीन बेचने वाले के जमा करा दिए। जब जमीन की रजिस्ट्री हुई तो उसे राजकुमार ने अपने नाम करा ली। इसके बाद शादी से भी इनकार कर दिया। पीड़ित चमनलाल ने नेहरू कालोनी थाने में इसकी तहरीर दी, जो कई माह से जांच में उलझी थी।
एसओ मुकेश त्यागी के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने एसएसपी सदानंद दाते से बात की। कप्तान ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।