कोटद्वार के गबर सिंह कैंप के पास रविवार तड़के जब एक कार पुलिस ने रोकी तो कार के अंदर बैठे युवकों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की कार और तमंचा भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार तड़के कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र के गबर सिंह कैंप तिराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को नजीबाबाद की तरफ से एक सेंट्रो कार आती दिखी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन कार की रफ्तार और तेज हो गई और पीरबाबा की तरफ मुड़ गई।
पुलिस कर्मियों ने कार का पीछा किया तो कुछ दूरी पर कार कच्चे रास्ते में फंस गई। पुलिस के अनुसार दोनों कार सवार युवकों ने पुलिस कर्मियों पर फायर झोंक दिया। हालांकि फायर किसी पुलिस कर्मी को नहीं लगा। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
चोरी की कार, नंबर प्लेट भी फर्जी
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक चाकू, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिजवान पुत्र महबूब निवासी और शहनवाज पुत्र खुर्शीद दोनों निवासी जाफ्तागंज थाना नजीबाबाद बिजनौर के रूप में हुई है।
कार के कागज चेक करने पर पता चला कि कार दिल्ली से चुराई गई है। कार पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी है। नंबर प्लेट में देहरादून का नंबर लिखा गया था, जबकि आरटीओ देहरादून कार्यालय से जानकारी लेने पर मालूम हुआ कि इस नंबर की कोई गाड़ी वहां रजिस्टर्ड नहीं हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गोवंश की सप्लाई के लिए कार का इस्तेमाल करते हैं। कोतवाल प्रमोद शाह ने बताया आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।