हरिद्वार के पथरी स्थित पुरानी कुंडी क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर करीब एक घंटे तक गोलीबारी से इलाका थर्रा उठा। खानपुर के विधायक एवं दर्जाधारी कैबिनेट मंत्री कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनके समर्थकों पर ग्रामीणों ने कई राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है। जबकि विधायक ने खनन माफियाओं पर फायरिंग करने का आरोप लगाया।
शनिवार सुबह खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत पर पथरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया।
फायरिंग में गांव की तीन लोगों को छर्रे लगने की बात सामने आई है। देर शाम विधायक के खिलाफ भाजपाइयों की अगुवाई में ग्रामीणों ने हरिद्वार-लक्सर मार्ग डेढ़ घंटे तक जाम लगाया। फेरुपुर चौकी पहुंचे एसपी सिटी से भी ग्रामीणों की नोंकझोंक हुई।
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। लक्सर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने काफिले के साथ पुरानी कुंडी की तरफ गए थे। आरोप है कि उनके सहयोगियों ने खनन से लदे कई ट्रैक्टर ट्रालियों के टायरों को गोली दाग बस्ट कर दिया। खनन करने वाले लोग काफिले को एंटी माइनिंग की टीम समझकर दुबक गए।
दहशत में घरों में छिपे ग्रामीण, सच्चाई पता चली तो भड़के
दहशत में ग्रामीण भी अपने-अपने घरों में छिप गए। लेकिन जब लोगों को सच्चाई पता चली तो वे चैंपियन की इस हरकत के खिलाफ हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि फायरिंग में घर की छत पर खड़ी सुनीता, कोमल एवं कश्मीरी को छर्रे लगे हैं।
घटनास्थल पर मिली एक टाटा सफारी कार को विधायक की समझकर ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर दी। दूसरी ओर विधायक चैंपियन ने खनन माफिया पर गोलीबारी और पथराव करने का आरोप लगाया है।
विधायक के लौट जाने के बाद भाजपाइयों की अगुवाई में ग्रामीणों ने हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया और विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पर पहुंची पथरी पुलिस को ग्रामीणों को मनाने में डेढ़ घंटे लगा।
एसपी सिटी एसएस पंवार फेरुपुर चौकी पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों का शांत किया। भाजपा नेता नरेश शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से चैंपियन एवं उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर देंगे। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल का कहना है कि मामले में तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक बोले, मेरे ऊपर दागी गईं गोलियां
शाम करीब साढ़े चार बजे हम लोग गंगा की ओर गए थे। वहां पर अवैध खनन चल रहा था। अवैध खनन सामग्री से भरे कई वाहन खड़े थे। मेरे साथ पुलिस देखकर अवैध खनन करने वाले भाग गए। बिशनपुर कुंडी गांव में एक खराब गाड़ी रास्ते में खड़ी कर हमें रोका भी गया। छतों से हमारे काफिले पर पथराव और गोलियां चलाई गईं।
वहां पर खनन माफिया के कई हथियार बंद लोग थे। आत्मरक्षा के लिए एस्कार्ट में चल रही पुलिस ने हवा में कुछ गोलियां दागी हैं। हम वहां से किसी तरह बचकर निकले। एसएसपी को फैक्स भेजकर मामले की जानकारी दी जा रही है।
-कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक एवं दर्जा कैबिनेट मंत्री