रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार की सुबह स्कूल गई थी, मगर घर लौटकर नहीं पहुंची। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा शहर से सटे क्षेत्र के एक स्कूल आठवीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों का कहना है कि छात्रा रोजाना की तरह शुक्रवार को भी स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस लौट कर नहीं पहुंची।
अगले दिन परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
देर रात तक छात्रा नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता होने लगी। अगली सुबह परिजनों ने स्कूल पहुंचकर बेटी के बारे में पूछताछ की। पता चला कि छात्रा स्कूल आई थी और छुट्टी होने पर बाकी बच्चों की तरह घर के लिए निकल गई थी।
परिजनों ने रिश्तेदारी व परिचितों में उसकी तलाश की, मगर कुछ पता नहीं चल पाया जिस पर परिजन शनिवार दोपहर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले को दूसरे एंगल से भी देख रही है। एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है। स्कूल शिक्षकों और छात्रा की सहेलियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जाएगी।