स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजधानी देहरादून में जुए के धंधे पर शिकंजा कसा है। पॉश इलाके मोहिनी रोड के एक आवास में चल रहे जुआघर में छापा मारकर 14 जुआरियों को पकड़ा गया है।
डालनवाला पुलिस ने किया मुकदमा
उनके पास से 28 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। पकड़े गए लोगों में मकान मालिक, जुए का मास्टरमाइंड और कई सफेदपोश प्रापर्टी डीलर शामिल हैं। डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डीजीपी बीएस सिद्धू को मोहिनी रोड पर सुरेश नाम के शख्स के यहां जुआ खिलाने की शिकायत मिली थी। डीजीपी ने यह मामला एसटीएफ को सौंप दिया। कई दिन से घर पर नजर रखी जा रही थी।
गुरुवार शाम जुआ शुरू होते ही एसटीएफ ने छापा मारा। उस दौरान यहां फड़ लगाकर जुआ खेला जा रहा था। घर में चारों ओर नोट बिखरे पड़े थे। पुलिस ने फड़ से 22 लाख 95 हजार रुपए बरामद किए।
गिरफ्तार 14 लोगों से चार लाख 65 हजार रुपए मिले। सभी आरोपियों को डालनवाला कोतवाली ले जाया गया।
पकड़े गए यह लोग
प्रापर्टी डीलर राहुल गोयल निवासी लूनिया मोहल्ला, राजेंद्र कुमार निवासी चुक्खूवाला, अनूप नेगी निवासी सहस्त्रधारा रोड, कमल कोठियाल निवासी रेसकोर्स, इंद्र कुमार निवासी न्यू इंडस्ट्रियल एरिया फरीदाबाद, गौरव गोयल निवासी चमन विहार, अनिल आहूजा निवासी छिद्दरवाला, डब्बू गुप्ता निवासी पटेलनगर, फुरकान अली निवासी पित्थूवाला, रवींद्र सिंह निवासी गीता कालोनी, संजीव शर्मा निवासी अक्षरधाम मेरठ, अजय कुमार निवासी पीपल मंडी, खुड़बुड़ा निवासी प्रमोद कुमार जैन और मकान मालिक सुरेश कुमार।
मास्टरमाइंड अजय पुराना खिलाड़ी
मास्टरमाइंड अजय कुमार इस गोरखधंधे का संचालन कर रहा था। वह पहले भी जुआ अधिनियम में देहरादून और हरिद्वार से जेल जा चुका है।
अजय को हरिद्वार पुलिस ने गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया था। मकान मालिक सुरेश अजय का बराबर का हिस्सेदार बताया जा रहा है। प्रमोद कुमार जैन भी पुराना खिलाड़ी है।
डीजीपी ने दिया 10 हजार इनाम
डीजीपी बीएस सिद्धू ने सीओ सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में खुलासा करने वाली टीम में शामिल एसटीएफ निरीक्षक डीसी ढौंढियाल, उप निरीक्षक संतोष शाह, सीबीएस अधिकारी, एनके भट्ट, अमर चंद शर्मा, कांस्टेबल लोकेंद्र कुमार, संदेश यादव, सतेंद्र बुटोला, कादर खान, मोहन असवाल को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।