किटी के नाम पर करोड़ों रुपये की चपत लगाने वाले ने हजारों लोगों के सामने सरे आम कुछ ऐसा किया कि पुलिस अब तक पछतावा कर रही है।
किटी के नाम पर करोड़ों की चपत लगाकर फरार हुए जीआईजी ग्रुप के संचालक सविंदर सिंह ने हरिद्वार पुलिस को चकमा देकर सीजेएम आशुतोष मिश्रा की अदालत में सरेंडर कर दिया।
दरअसल, एक सप्ताह से हरिद्वार पुलिस के साथ आंख मिचौनी का खेल खेल रहे करोड़ों रुपये डकारने के आरोपी सविंदर सिंह ने अदालत में सरेंडर के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। हरिद्वार पुलिस अब तक उसकी धरपकड़ में नाकामयाब रही थी।
पुलिस ने दावा किया था कि आरोपी सविंदर को अदालत कैंपस के बाहर ही दबोचने की रणनीति बनाई गई है। बुधवार को हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने अदालत के इर्द गिर्द जाल बिछाया था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी को मुंह चिढ़ाते हुए करीब साढ़े बारह बजे आरोपी सविंदर सिंह अपने अधिवक्ता वीरेंद्र प्रताप सिंह और रेशू नेहरा के साथ सीजेएम आशुतोष मिश्रा की अदालत में पेश हुआ।
सीजेएम आशुतोष मिश्रा की अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश देते हुए सुनवाई पर अगली तारीख 12 सितंबर मुर्करर कर दी है। हरिद्वार पुलिस गच्चा खाने के बाद मायूस होकर चुपचाप लौट गई।