सरहद पर अपराध सिर चढ़कर बोल रहा है। बदमाशों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि जिले की सरहद पर रहने वाले लोग खौफजदा हैं। पिछले दिनों में मंगलौर व झबरेड़ा क्षेत्र में बदमाशों ने ताबड़तोड़ एक के बाद एक लूट की वारदात को अंजाम देकर खाकी के इकबाल को खतरे में डाल दिया है। बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए, लेकिन पुलिस को अभी तक बदमाशों के पकड़े जाने में कोई सफलता नहीं मिली है।
दो महीने से बदमाश जिले की सरहद पर जमकर कहर बरपा रहे हैं। बदमाशों ने पुलिस से लेकर आमजन का चैन छीन लिया है। पुलिस वारदातों को रोकने के लिए गश्त कर रही है तो आमजन भी बदमाशों के खौफ से रातभर जागकर अपनी सुरक्षा कर रहे हैं। बदमाशों के खौफ से मंगलौर व झबरेड़ा क्षेत्र के लोगों में दहशत का ऐसा माहौल बन गया है कि वह शाम होते ही खेतों से लेकर बाजार आने-जाने से भी कतरा रहे हैं। इतना ही नहीं खाकी के सामने भी बदमाशों को पकड़ना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। खाकी रात-रातभर जाकर जिले की सरहद पर पहरा दे रही है, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ पा रहे हैं। दो माह में बदमाश मंगलौर व झबरेड़ा क्षेत्र में दुस्साहस तरीके से आधा दर्जन से भी अधिक लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। बावजूद इसके पुलिस मात्र गश्त तक लकीर पीट रही है। उधर, पुलिस अधिकारियों का तर्क है कि बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया है। घटना में शामिल सभी बदमाश वेस्ट यूपी के देवबंद के रहने वाले हैं। बदमाशों को पकड़ने के प्रयास जा रही हैं।
एक गिरोह ही कर रहा वारदात
मंगलौर व झबरेड़ा क्षेत्र में अब तक की पुलिस जांच में यह बात सामने निकलकर आई है कि वेस्ट यूपी का एक गिरोह ही वारदात को अंजाम दे रहा है। गिरोह में करीब एक दर्जन से अधिक बदमाश शामिल हैं। साथ ही पता चला है कि वेस्ट यूपी में यह गिरोह करीब बीस से अधिक लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। सूत्रों की मानें तो इस गिरोह के तीन बदमाशों को वेस्ट यूपी के सहारनपुर जिले की पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है।
जिले की सरहद बनीं सॉफ्ट टारगेट
वेस्ट यूपी के बदमाशों के जिले की सरहद सॉफ्ट टारगेट बनने लगी है। बदमाश जिले की सरहद पर वारदात कर आसानी से वेस्ट यूपी में भागकर शरण ले लेते हैं। ऐसे में जिले की पुलिस को बदमाशों के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाती है। इतना ही नहीं ये बदमाश वेस्ट यूपी में वारदात कर जिले की सरहद में आकर भी शरण ले रहे हैं।
सर्दी बढ़ाएगी पुलिस का सिरदर्द
जिले की पुलिस के लिए आने वाले दिन पहाड़ सी चुनौती साबित होंगे। जैसे-जैसे सर्दी व कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा वैसे-वैसे वारदातों में भी इजाफा होगा। बदमाश भी सर्दी व कोहरे में वारदात को अंजाम देने के लिए मुफीद मानते हैं। ऐसे में पुलिस के सामने सर्द भरी रातों में आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाना आसान रहा नहीं होगी।
पिछले दो माह में हुई लूट
- चार अक्तूबर को झबरेड़ा क्षेत्र में कई राहगीरों से लूटपाट।
- आठ अक्तूबर को झबरेड़ा-खेड़ा मुगल मार्ग स्थित गन्ने के दो कोल्हुओं पर लूटपाट।
- 16 अक्तूबर को मंगलौर स्थित हाईवे पर ढाबे पर कई लोगों से लूटपाट।
- 31 अक्तूबर को मंगलौर में मंडी के सामने सैनी ढाबे पर लूट।
- तीन नवंबर को बदमाशों ने बसवा खेड़ी निवासी राकेश से बाइक लूट।
- तीन नवंबर की रात बसवा-नगला मार्ग पर मुर्गी फार्म में लूट।
मंगलौर व झबरेड़ा क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया है। पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर वारदातों का खुलासा किया जाएगा। जिले की सरहदों पर गश्त बढ़ा दिया गया है। इसका नजीता है कि पिछले तीन दिन में एक भी वारदात नहीं हुई है।
-
मणिकांत मिश्र, एसपी देहात