दुनियाभर में चल रहे #मीटू अभियान के बीच 2013 में मिस इंटरनेशनल बनी बीआ रोस सैंटिआगो ने भी अपने साथ हुए शोषण का खुलासा किया है। फिलीपींस की रहने वाली रोस ने कहा है कि बचपन में उनके साथ एक पुजारी ने शोषण किया था। यह बात रोस ने फेसबुक पर कही। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, 'यौन शोषण सच है, यह न केवल पेजेंट्स में बल्कि हर जगह दिखता है।' रोस ने कहा कि जिसने उनके साथ शोषण किया वह अभी भी मसबते में ही कहीं पुजारी का काम कर रहा है। रोस ने दावा करते हुए यह भी कहा कि एक जाने माने बिजनेसमैन ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था।
रोस ने उस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि उनके साथ छेड़छाड़ करने वाला व्यक्ति एक जानी मानी कंपनी का सीईओ है। वह लड़कियों के लिए पार्टियों का भी आयोजन करता है। रोस के अनुसार, उनकी सीईओ से अगली मुलाकात जब हुई तो उस दौरान वह कैंडीडेट के तौर पर उसके सामने थीं, वहां उसने उनसे कोई बात नहीं की क्योंकि वहां बाकी आयोजक भी मौजूद थे।
रोस ने आगे लिखा, "ये होता है, कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितने सावधान हैं। कोई फर्क नहीं पड़ता की छेड़छाड़ करने वाला बड़ा/मशहूर/बुजुर्ग या फिर धार्मिक है। वह फिर भी बुरा हो सकता है। मुझे आज भी अफसोस है कि मैं उस दौरान चुप रही। मुझे अफसोस है कि मैंने उसे थप्पड़ नहीं मारा और न ही उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की। मैंने विचार किया है कि इस बारे में आवाज उठाने से भविष्य की क्वीन्स को मदद मिलेगी। मैं सच में बोलने से पहले डरी हुई थी। मुझे आशा है कि मुझे इस पर अफसोस नहीं होगा।"