उत्तराखंड में अल्मोड़ा के सल्ट में पनुवाद्योखन के जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी ने कांग्रेस के एक बड़े क्षेत्रीय नेता पर सुपारी देकर उनकी हत्या करवाने का आरोप लगाया।
शनिवार को हुए मजिस्ट्रेटी बयान में हंसा नेगी ने यह आरोप लगाया है। इसके बाद इस घटना में नया मोड़ आ गया है। उधर, राजस्व पुलिस ने नेगी पर चाकू से हमला करने वाले गांव के ही आरोपी को मछोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
हंसा नेगी पर जानलेवा हमला होने से अल्मोड़ा से देहरादून तक सियासी हलचल तेज हो गई है। हंसा नेगी हल्द्वानी सेंट्रल अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन पर शुक्रवार को भतरौंजखान के जाख गांव में चाकू से जानलेवा हमला हुआ था।
हंसा नेगी की पत्नी रेखा नेगी ने हमले के पीछे कांग्रेस के एक बड़े क्षेत्रीय नेता का हाथ होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में भर्ती उनके पति का नैनीताल के डीएम से मजिस्ट्रेटी बयान लेने मांग की थी। डीएम के आदेश पर तहसीलदार मोहन सिंह बिष्ट ने शनिवार को अस्पताल में हंसा नेगी के कलमबंद बयान लिए।
इस दौरान किसी को भी कमरे में नहीं आने दिया गया। हंसा नेगी की पत्नी रेखा ने बताया कि मजिस्ट्रेटी बयान में उनके पति ने कांग्रेस के एक क्षेत्रीय नेता पर सुपारी देकर उनकी हत्या कराने का आरोप लगाया है। इधर, सेंट्रल अस्पताल के डा. अमित जैन के मुताबिक हंसा की छोटी और बड़ी आंतें कट गई थीं, जिनका आपरेशन किया गया है।