हरिद्वार में एएनएम का कोर्स कर रही एक छात्रा संदिग्ध हालात में लापता हो गई। छात्रा यहां कनखल की विष्णु गार्डन कालोनी में पेइंग गेस्ट के तौर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिजनों ने शनिवार रात कनखल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक धामपुर, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश के एक गांव की रहने वाली छात्रा हरिद्वार में एएनएम का कोर्स कर रही थी। छात्रा ने कनखल की विष्णु गार्डन कालोनी में बतौर पेइंग गेस्ट कमरा लिया हुआ था।
पेइंग गेस्ट हाउस संचालक ने परिजनों को बताया कि छात्रा 18 नवंबर को बाहर गई थी, मगर वापस नहीं लौटी। दिनभर इंतजार के बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन शनिवार को हरिद्वार पहुंचे और अपने स्तर से उसकी खोजबीन की। देर शाम तक कुछ पता न चलने पर रात के समय परिजन कनखल थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी कहानी बताई।
इंस्पेक्टर कनखल जवाहर लाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है। सहेलियों और साथ पढ़ने वाली छात्राओं से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मोबाइल फोन लोकेशन भी निकाली जा रही है। जल्द ही छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा।