डबल बेंच जाने की तैयारी में दून पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रेमनगर गैंगरेप प्रकरण में एफआईआर निरस्त करने के हाईकोर्ट की सिंगल बेंच के फैसले के विरुद्ध दून पुलिस अब डबल बेंच जाने की तैयारी कर रही है। एसएसपी के मुताबिक पुलिस अभियोजन विभाग की मदद से अपील तैयार की जा रही है। गैंगरेप के इस मामले में हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने एफआईआर ही निरस्त कर दी थी।
गौरतलब है कि गत 12 जून को प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया था। युवती ने क्षेत्रीय सभासद समेत चार लोगों पर आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने सभासद समेत चार के खिलाफ गैंगरेप और दो के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के अगले ही दिन सभासद और उसका एक साथी हाईकोर्ट से स्टे भी ले आया था। इसके बाद बाकी दो आरोपियों ने भी हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। पुलिस ने मुकदमे में निर्धारित अवधि में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। बावजूद इसके सितंबर में युवती हाईकोर्ट पहुंची और अपने बयान बदल दिए। इस आधार पर हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने मुकदमा ही खारिज करने के आदेश दे दिए। इसके बाद पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा था।
हाईकोर्ट के फैसले के विरुद्ध पुलिस डबल बेंच जाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए अभियोजन विभाग से राय मशविरा किया गया है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी करने के बाद डबल बेंच में अपील की जाएगी।
निवेदिता कुकरेती, एसएसपी देहरादून