ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में महिला पार्षद के पुत्र पर सोमवार को चुनावी रंजिश में हमलावरों ने उस वक्त ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जब वह आदर्श कालोनी स्थित सैलून की दुकान में बाल कटा रहे थे। हालांकि वह हमले में बाल-बाल बच गए।
हमलावरों ने करीब छह राउंड फायर की। इस दौरान सैलून की दुकान और पार्षद पुत्र की जिप्सी में भी तोड़फोड़ की गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से वहां खलबली मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही हमलावरों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक भदईपुरा निवासी अन्नू गंगवार की मां श्यामपाली पत्नी गेंदनलाल नगर निगम में पार्षद हैं। पार्षद के चुनाव के समय से ही भदईपुरा निवासी दूसरे पक्ष से उनकी चुनावी रंजिश चल रही है। सोमवार दोपहर अन्नू गंगवार बाल कटवाने के लिए आदर्श कॉलोनी स्थित एक सैलून में गया था। इसी बीच सैलून के स्वामी मोहम्मद जिशान के पास एक फोन आया कि वह खाली है या नहीं।
तमंचे से किए ताबड़तोड़ छह फायर
जिशान ने बताया कि अभी वह अन्नू गंगवार के बाल काट रहा है, खाली होते ही बुला लेगा। इसके कुछ देर बाद दर्जनभर युवक सैलून की दुकान के बाहर पहुंच गए। वहां शोर-शराबा सुनकर अन्नू और जिशान ने बाहर झांका तो युवकों ने उन पर तमंचों से ताबड़तोड़ करीब छह राउंड फायर कर दिए। इससे सैलून की दुकान के शीशे टूट गए।
आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने ईंटों से भी दुकान के शीशे के साथ ही अन्नू गंगवार की जिप्सी (यूके-04-एएफ-0100) में जमकर तोड़फोड़ की। इससे वहां खलबली मच गई। इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने सैलून स्वामी जिशान और अन्नू गंगवार से मामले की जानकारी ली। साथ ही मौके से पुलिस ने कारतूस के खोखे भी बरामद किए। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नही चढ़े। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बोले एएसपी
पार्षद पुत्र पर हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही नामजद हमलावरों के अलावा अन्य हमलावरों को भी चिह्नित करने को कहा गया है। जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-टीडी वैला, एएसपी, ऊधमसिंह नगर
पहले बड़े भाई पर हो चुका है हमला
भदईपुरा निवासी पीड़ित अन्नू गंगवार ने बताया कि दूसरा पक्ष उनसे चुनावी रंजिश रखता है। इसी के चलते 20 मई 2014 को उन्होंने उसके बड़े भाई राजेश सिंह पर भी हमला किया था। इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। उसके भाई राजेश पर हुए हमले के मामले में 14 अगस्त को उसकी गवाही भी है।
हो सकती है रुद्रपुर में गैंगवार
जिस तरह से चुनावी रंजिश को लेकर सोमवार दोपहर ये घटना हुई है इससे शहर में गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक हमलावर तमंचों से लैस थे और व्यस्ततम सड़क पर खड़े होकर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हालांकि सोमवार होने के कारण बाजार बंद होने से लोगों की आवाजाही कम थी। हमलावर इस तरह से फायर कर रहे थे, जैसे उन्हें किसी का डर ही नहीं।