150 गांवों की संचार सेवा ठप
ब्यूरो/अमर उजाला
चकराता। ओएफसी में फाल्ट आने से चकराता समेत आसपास के 150 गांवों की संचार सेवा ठप हो गई। मोबाइल, लैंडलाइन और इंटरनेट सेवा ठप है। दुर्गम ग्रामीण अंचलों में रहने वालों का संपर्क अन्य इलाकों से कटा हुआ है। एक माह में यह पांचवां मौका है जब क्षेत्र की संचार सेवा ठप हुई हो।
स्थानीय निवासी गुरुचरण कुकरेजा, आनंद सिंह राणा, राहुल चांदना, केशर चौहान, तरुण कुकरेजा, सुनील गुलाटी आदि का कहना है कि संचार सेवा ठप होते ही बैंकों, पोस्ट ऑफिस और ई-ड्रिस्टिक्ट सेवा केंद्रों में भी कामकाज ठप हो जाता है। कई जगहों पर विभाग ने ओएफसी को सड़क से ऊपर बिछाया हुआ है। ऐसे में अक्सर बड़े वाहनों के टायरों की चपेट में आकर ओएफसी केबल ब्रेक हो जाती है। पूर्व में क्षेत्र को बीसेट सेवा से जोड़ा गया था लेकिन एक साल से यह सेवा भी ठप है।