ड्रग्स के खिलाफ मुहिम शुरू, नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर बुधवार से एसटीएफ का नशा विरोधी अभियान शुरू हो गया है। पहले दिन पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों और मलिन बस्तियों में युवाआें को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।
स्पेशल टास्क फोर्स का ड्रग्स के खिलाफ अभियान बुधवार से शुरू हो गया। पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के 13 जिलों में यह अभियान 10 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान छात्र-छात्राओं के अलावा अभिभावकों और मलिन बस्तियों में लोगों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में बताया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि नशे के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है।
इधर एसएसपी निवेदिता कुकरेती के निर्देश पर छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन और उसके दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। राजपुर क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र से जुड़े कार्यकर्ताओं ने लोगों से नशा मुक्त समाज की स्थापना में सहयोग का अनुरोध किया। एसएसपी ने बताया कि पहले दिन कई स्कूलों में गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। स्कूल प्रबंधकों से कहा गया कि ड्रग्स सेवन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेने की जरूरत है, ताकि समय रहते ड्रग्स की आपूर्ति करने वालाें के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।