ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर/सेलाकुई
जेबी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के रामपुर कैंपस में बलवा और फायरिंग के मामले में पुलिस अब तक सिर्फ तीन युवकों को ही गिरफ्तार कर पाई है। वहीं, घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस फायरिंग में प्रयुक्त असलहा बरामद करने में भी नाकाम रही है।
मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य युवकों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही असलहा बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जीबीआईटी के रामपुर परिसर में कुछ छात्रों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद इतना बढ़ा कि बीते रविवार को एक गुट के छात्र असलहा लेकर परिसर में घुस आए। इस पर दूसरे गुट के छात्रों ने इन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख परिसर में घुसे छात्रों ने फायरिंग कर दी। इंस्टीटयूट के प्रोक्टर सूरज सिन्हा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।