ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र से लापता किशोरी का शव बृहस्पतिवार को खारा पावर हाउस मिर्जापुर यूपी से मिला। मामला में उत्तराखंड पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
किशोरी दून के एक प्रतिष्ठित स्कूल की 11वीं की छात्रा थी। वह 13 फरवरी से लापता थी। बताया गया है कि इसी दिन इसी स्कूूल का इंटरमीडिएट का एक छात्र भी लापता हुआ था। कुल्हाल चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि बसंत विहार थाना क्षेत्र से लापता किशोर और किशोरी को पिछले कुछ दिनों से ढूंढने का प्रयास किया जा रहा था। इस बीच बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि खारा पावर हाउस की इनटेक में एक किशोरी का शव फंसा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकाला। शव की पहचान बसंत विहार थाना क्षेत्र से लापता किशोरी के रूप में हुई। इधर, लापता किशोर का अब तक पता नहीं चल पाया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोर और किशोरी दोनों को कुछ दिन पहले क्षेत्र के कुछ लोगों ने एक साथ देखा था।
---
लापता छात्र के पिता ने कहा मेरी मदद करो
विकासनगर। बसंत विहार थाना क्षेत्र से लापता छात्र के पिता ने सोशल मीडिया पर बेटे की तलाश के लिए लोगों से मदद मांगी है। सोशल मीडिया में भेजे संदेश में उन्होंने कहा कि कृपया मेरी मदद करो, मेरा बेटा 13 फरवरी से लापता है। आखिरी बार उसे उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा में धौलातप्पड़ के पास देखा गया। उसी दिन उसकी स्कूटी भी मिली। पिता ने कहा कि पुलिस व सरकार उसकी कोई मदद नहीं कर रही है।