- दून-पांवटा हाईवे पर रामपुर के पास हुआ हादसा
ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई। दून-पांवटा हाईवे पर रामपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सन्नी (28) पुत्र रामचंद्र निवासी चोरखाला सहसपुर मंगलवार को हरबर्टपुर से सहसपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राइवेट वाहन से उपचार के लिए सीएचसी सहसपुर में भर्ती कराया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
एसआई विनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।