ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
यमकेश्वर ब्लॉक में ग्रामसभा कोठार और धमांद के बीच सरकारी भूमि पर सड़क निर्माण के आरोप को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता क्रांति कपरुवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार लेखपाल के साथ मोबाइल फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता के खिलाफ उक्त कार्रवाई की गई । उसके खिलाफ शांतिभंग की धारा चालान किया गया है।
लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को यमकेश्वर तहसील के लेखपाल रमेश रावत ने शिकायत दी कि ग्रामसभा आमड़ी, यमकेश्वर निवासी क्रांति कपरुवान पुत्र स्व. इंद्रदत्त शर्मा ने उन्हें मोबाइल नंबर पर कॉल किया। इसी बीच सरकारी भूमि पर सड़क निर्माण का जिक्र करते हुए उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लेखपाल की शिकायत पर लक्ष्मणझूला पुलिस ने आरोपी को उसके गांव के समीप से ही शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि ग्रामसभा कोठार और धमांद के बीच सरकारी भूमि पर सड़क निर्माण के आरोप में ग्रामीण काफी समय से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कई बार पुलिस को भी बीच-बचाव के लिए मौके पर जाना पड़ा है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि आरोपी ने लेखपाल को मोबाइल पर कॉल किया और उस पर अभद्र टिप्पणियां की। बताया कि इसका वाइस कॉल रिकॉर्ड लेखपाल ने उपलब्ध कराई है।