ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने शनिवार को चेकिंग अभियान के दौरान पांच किलो चरस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सहसपुर थानाध्यक्ष नरेश राठौर के अनुसार शनिवार को लांघा रोड के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों रुकने का इशारा किया गया। इस पर बाइक सवार युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को दौड़ा कर पकड़ लिया। इसके बाद तलाशी में युवकों के पास से करीब पांच किलो चरस बरामद हुई और बाइक संबंधी कागजात नहीं दिखा सके। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान बिलाल पुत्र हासिम और सुमित कुमार पुत्र धर्म सिंह दोनों निवासी ग्राम हुसैन मलिकपुर थाना बेहट, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्जापुर से सस्ते दाम पर चरस लाकर प्रेमनगर, विकासनगर, सेलाकुई और सहसपुर क्षेत्र में युवाओं को बेचते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपी वर्ष 2017 में यमुनानगर हरियाणा से चोरी के केस में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई कविंद्र राणा, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, इजलाल, प्रविंदर, श्रीकांत मलिक, मोहन, राजीव, संदीप कुमार मौजूद रहे।