न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
तकरीबन 72 दिन पहले हुई जहरखुरानी की एक घटना में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जहरखुरानी की ये वारदात गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच हुई थी।
दिल्ली से आजमगढ़ जा रही 12526 डाउन कैफियात एक्सप्रेस में सफर कर रहे आजमगढ़ निवासी गौरीशंकर इस ट्रेन में गुजरी 28 मार्च को सफर कर रहे थे। उनको आजमगढ़ जाना था। रास्ते में उनको नशीला पदार्थ खिला कर सोने की अंगूठी, चेन और 50 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।
उन्होंने आजमगढ़ पहुंचने पर इसकी तहरीर वहां के जीआपी थाने को दी। आजमगढ़ के थाने से अलीगढ़ तक तहरीर आने में कई दिन लग गए। जीआरपी अलीगढ़ इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि उनकी तहरीर पर यहां जहरखुरानी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश की जा रही है।