ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर
त्यूनी। जगाधरी-पांवटा-राजवन-रोहड़ राष्ट्रीय राजमार्ग (जेपीआरआर) पर रोहड़ के पास शुक्रवार सुबह एक कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस सेवा से पीएचसी त्यूनी पहुंचाया। जहां उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष पंकज देवरानी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार एक कार अटाल की तरफ से त्यूनी जा रही थी। जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्लासू के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे कार चालक गणेश (38) पुत्र हस्त बहादुर निवासी त्यूनी गंभीर रूप से घायल हो गया। कार को खाई में गिरता देख आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने घायल गणेश को खाई से बाहर निकालकर पीएचसी त्यूनी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रक्तस्राव अधिक होने के कारण घायल ने दारागाड़ के पास दम तोड़ दिया।