जीवनसाथी डॉट कॉम पर परिचय के बाद मुलाकात को पहुंचे फ्लाइट लेफ्टिनेंट ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने थाना इज्जतनगर में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बेंगलुरू निवासी युवती का आरोप है कि आठ माह पूर्व शादी डॉट कॉम पर उसका परिचय बरेली में तैनात फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनुभव रस्तोगी निवासी एल-1 शास्त्रीनगर मेरठ से हुआ। अनुभव ने खुद को अविवाहित बताया और उससे मिलने पूना गया। वहां नौ दिसंबर, 2017 को शादी का झांसी देकर दुष्कर्म किया। अनुभव ने मार्च में शादी करने की बात कही। मार्च में जब युवती इज्जतनगर में अनुभव के घर आई तो उसने सात-आठ दिन रोककर यहां भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसी बीच युवती को पता लगा कि अनुभव तो पहले से शादीशुदा है। इस पर पीड़िता ने धोखाधड़ी कर दुष्कर्म करने के आरोप में थाना इज्जतनगर में तहरीर दी है। साथ ही आरोप लगाया कि है कि अनुभव ने उसके फोटो और वीडियो बना लिए हैं। कानूनी कार्रवाई करने पर उन्हें नेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। इज्जतनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी ने खोली पोल तो फंसा फ्लाइट लेफ्टिनेंट
इज्जतनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनुभव रस्तोगी के खिलाफ उसकी पत्नी शिविका ने भी दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। किसी तरह से उसे पता लग गया था इस युवती के संपर्क में है तो उसने युवती से फोन पर संपर्क किया। खुद को अनुभव की पत्नी बताते हुए उसने सारी पोल खोल दी। इसके बाद मामला खुल गया और इस युवती ने भी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए अब एयरफोर्स से संपर्क किया जाएगा।