ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेेश।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह चारधाम यात्रियों से भरी दो बसों के बीच आमने-सामने टक्कर होने से बसों में सवार 29 यात्री चोटिल हो गए। छह घायलों को गंभीर हालत में एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौड़ियाला के समीप ऋषिकेश से बदरीनाथ जा रही एक बस ने विपरीत दिशा से आ रही बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से चोटिल हुए यात्रियों का मौके पर ही उपचार कराया। जबकि छह गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस से एसपीएस सरकारी अस्पताल भिजवाया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि दीया राठौर पत्नी मनोज कुमार निवासी सरमंगला रोड छत्तीसगढ़, गीता देवी पत्नी सुरेश प्रसाद, सतेंद्र वर्मा पुत्र स्व. मथुरा प्रसाद, सुनीता राठौर, भिवलाल और जगदेव सभी निवासी जिला कोराबा, छत्तीसगढ़ की हालत अधिक गंभीर होने से उन्हें अस्पताल भेजा गया। दोनों बसों में कुल 57 यात्री सवार थे।
चारधाम से लौट रहे यह यात्री हुए चोटिल
चारधाम से आ रही बस में मनोज कुमार (45) पुत्र डीआर राठौर निवासी सरमंगला रोड, छत्तीसगढ़, सुरेश कुमार (54) पुत्र रामजी प्रसाद, राजेंद्र जोशी (52) पुत्र सोमदत्त जोशी उनकी पत्नी सुधा जोशी (51), रोमा (13), परमेश राठौर (60) पुत्र रामदुलारी राठौर व उनकी पत्नी सीता बाई (53), अभिनव शास्त्री (25) पुत्र ताजेंद्र शास्त्री, सतेंद्र वर्मा (58) पुत्र स्व. मथुरा प्रसाद वर्मा उनकी पत्नी ऊषा वर्मा (54), त्रिलोचन वर्मा (46) पुत्र छेतराम वर्मा उनकी पत्नी संतोष बाई (40), अंबिकेष कुमार साहू (38) पुत्र स्व छेदीलाल साहू उनकी पत्नी आरती साहू (31), शिवप्रसाद जयसवाल (53) पुत्र मोहर साम, मंजू जोशी (58) पत्नी चंद्रशेखर जोशी व मुकेश कुमार राठौर (48) पुत्र रंगनाथ राठौर सभी निवासी जिला कोराबा, छत्तीसगढ़ सवार थे।
बदरीनाथ जा रही बस में यह यात्री हुए चोटिल
ऋषिकेश से बदरीनाथ जा रही बस में सवार मोहन लाल (53) पुत्र कृष्णलाल, जगन्नाथ (62) पुत्र तोताराम, मधुबाला (50) पत्नी मोहनलाल उनकी बेटी काशी कुमारी (21), चरनजीत (60) पत्नी रमेश चंद्र, सुरेंद्र कुमार (50) पुत्र कृष्णलाल, रामकिशन (60) पुत्र मुख्तियार मखक्कन लाल (62) पुत्र चमनलाल सभी निवासी रायपुर रोड, बरनाला, पंजाब, तबरेज (27) पुत्र सफीक निवासी थामी, बिहार, आदित्य प्रधान पुत्र राममोहन उनके बेटा साक्ष्य प्रधान (11) दोनों निवासी अपर रोड, पुरोहित निवासी, हरिद्वार व दरबाशी कटारिया (62) पुत्र मालू कटारिया निवासी नेपाल सवार थे। एसएसआई संजीत कुमार ने बताया कि सभी को हल्की चोटें आई हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने जाना घायलों का हाल
ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर कौड़ियाला के समीप दो बसों की भिड़ंत में घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीएमएस डॉ. एनएस तोमर से यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही उन्हें यात्रियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों के लिए लक्ष्मणझूला रोड स्थित हेमकुंड गुरुद्वारे में ठहरने व दिल्ली तक जाने के लिए बस की व्यवस्था भी कराई। विधानसभा अध्यक्ष के निजी वाहन से घायलों को गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब छोड़ा गया।