ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती।
शिवपुरी क्षेत्र में टैक्सी चालक को रास्ते में आ रहे एक अन्य वाहन चालक से साइड देने लिए कहना भारी पड़ गया। चालक ने रॉड से हमलाकर उसका सिर फोड़ दिया। साथी चालक ने उन्हें लहूलुहान हालत में एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। शिवपुरी चौकी पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों में समझौता होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चौकी पुलिस के अनुसार देवप्रयाग निवासी बलवीर चौहान 33 पुत्र गोकुल वाहन से पर्यटकों को छोड़ने शिवपुरी आया था। पर्यटकों को वाहन से उतारने के बाद वापस लौटते समय उसने रास्ते में बीचों बीच खड़े एक वाहन के चालक को साइड देने के लिए टोका। इतना कहने पर उक्त चालक ने गाली गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि बलवीर ने वाहन से नीचे उतर उसे समझाने का प्रयास किया, तो उसने रॉड से सिर पर हमला कर दिया, जिससे बलवीर लहूलुहान हो गया। उसके साथियों ने सरकारी अस्पताल में घायल का उपचार कराया। बताया गया कि उक्त मामले में शिवपुरी चौकी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।