ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
यमकेश्वर प्रखंड के मालाकुंठी राजस्व पुलिस क्षेत्र में बीते शनिवार को गंगा में डूबे गुरुग्राम (गुड़गांव) के बैंक कर्मी के मामले में रिजॉर्ट संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राजस्व पुलिस ने लापरवाही के आरोप में संचालक पर मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि लापरवाही बरतने पर व्यासी मार्ग स्थित मालाकुंठी में बीएनए रिजॉर्ट के प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। लेखपाल दिनेश सिंह बिष्ट की तहरीर पर प्रबंधक के खिलाफ उक्त कार्रवाई की गई है।
लेखपाल ने बताया कि प्रबंधक पर नदी किनारे चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने, पर्यटकों को बिना लाइफ जैकेट के गंगा की ओर भेजने और उनके साथ किसी गाइड को नहीं भेजने आदि आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रबंधक पर धारा 304ए लगाई गई है। बताया कि मामले की जांच पटवारी दीपक बैलवाल को सौंपी गई है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को हरियाणा स्थित गुरुग्राम से मालाकुंठी में रिजॉर्ट में पहुंचे 16 सदस्यीय दल में बैंक कर्मी सुशांत गंगा में डूब गया था।
तीसरे दिन भी नहीं लगा सुराग
ऋषिकेश। राजस्व पुलिस क्षेत्र मालाकुंठी में बीते शनिवार को गंगा में डूबे गुरुग्राम के बैंक कर्मचारी की तलाश में सोमवार को भी एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाया, लेकिन उन्हें कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी। लेखपाल दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि बैंककर्मी सुशांत टुटेजा (25) पुत्र नरेश कुमार टुटेजा निवासी मकान नंबर 487/7, कृष्णा कॉलोनी, गुरुग्राम (गुड़गांव), हरियाणा की तलाश में सुबह से देर शाम तक गंगा में अभियान चलाया गया। देरशाम तक भी एसडीआरएफ की टीम को सुशांत का कुछ पता नहीं लगा। बताया कि मंगलवार को फिर से गंगा में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।