दिल्ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
बीएसएनएल के एक पूर्व कर्मचारी ने शीशमझाड़ी क्षेत्र स्थित एक आश्रम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आश्रम के कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ करने में जुटी है। मृतक दिल्ली का निवासी बताया जा रहा है।
कैैलासगेट चौकी पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह 72 वर्षीय श्यामलाल पुत्र स्व. चेलाराम नंदा निवासी मकान 1974 ए, मुल्तानी मोहल्ला, रानीबाग, नार्थ दिल्ली ने शीशमझाड़ी स्थित एक आश्रम के कमरे में रस्सी केे सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कमरे में नाश्ते के लिए बुलाने गए कर्मचारियों ने उन्हें जब रस्सी से लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया कि श्यामलाल पिछले तीन माह से आश्रम में रह रहे थे। उनके कमरे से कुछ दवाइयां भी मिली हैं। परिजनों को घटना की जानकारी देने के साथ ही उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया कि श्यामलाल की पत्नी की 15 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। वह दिल्ली में बीएसएनएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।