ब्यूरो/ऋषिकेश। खैरीखुर्द के युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर हरिद्वार में प्लेसमेंट कंपनी चलाने वाले दो लोगों ने 50 हजार रुपये की नकदी ठग ली। ढाई साल बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर युवक को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक ग्रामसभा खैरीखुर्द निवासी सच्चिदानंद कंसवाल को हरिद्वार स्थित शिवालिक नगर क्षेत्र में शिवालिक जोब्स प्लेसमेंट सर्विस के नाम से कंपनी चलाने वाले दो लोगों ने नौकरी दिलाने की बात कही, जिस पर सच्चिदानंद ने बीते चार सितंबर -2015 को उन्हें 50 हजार रुपये नौकरी दिलाने की एवज में दे दिया।
रकम देने के महीनों बाद भी जब सच्चिदानंद को नौकरी नहीं मिली, तो उन्होंने कंपनी संचालकों से बातचीत की। सही जवाब नहीं मिलने पर उन्हें ठगी के अहसास हुआ। रविवार को सच्चिदानंद ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने कंपनी संचालक कुलदीप सिंह और प्रिया पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। जल्द ही धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बेरोजगार लोगों से नौकरी के लिए फर्जी कंपनियों के बहकावे में नहीं आने की अपील भी की है।