शराब के दो ठेकों के खिलाफ आंदोलन शुरू
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
लोगों की नाराजगी के बावजूद शराब का ठेका खोले जाने पर जोहड़ी गांव के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से जल्द वहां से ठेका हटाने की मांग की। इसके साथ ही राजपुर रोड पर एक धर्मस्थल से 500 मीटर की परिधि में खुले ठेके को बंद कराने को लेकर आंदोलन किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया है।
शनिवार को जोहड़ी गांव के लोग कांग्रेस नेत्री गोदावरी थापा थापली और ग्राम प्रधान दुर्गेश गौतम के साथ शराब के ठेके के बाहर एकत्र हुए थे। क्षेत्रवासियों ने वहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ठेके को वहां से हटाने की मांग की। इसके अलावा राजपुर रोड पर दो धार्मिक स्थलों के पास ठेका खोले जाने को लेकर लोग नाराज हैं। लोगों का कहना है कि यहां से ठेका नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद सुनील कुमार, रियाज, असलम, मुकेश आदि शामिल थे।
ठेके के विरोध में एक साल का आंदोलन खत्म
रायपुर क्षेत्र में शराब के ठेके के विरोध में एक साल से चल रहा आंदोलन शनिवार को खत्म हो गया। गौरतलब है कि पिछले साल 16 अप्रैल को स्थानीय लोग शराब के ठेके के विरोध में धरना पर बैठे थे। लोग वहां बंग भारती पूजा स्थल के पास खुले ठेके का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि उनकी मांगे मानने के बावजूद प्रशासन ने उनके खिलाफ मुकदमे तक दर्ज करा दिए। शनिवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के साथ इस संबंध में बात की। जिस पर उन्हें वहां से जल्द ठेका हटाए जाने का आश्वासन दिया। ग्रामीण अंजलि उनियाल, गीता नरूला, मंजू पाल आदि ने कहा है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे आंदोलन करेंगे।