कौशाम्बी इलाके में शुक्रवार की शाम दरिंदों ने तमंचे की नोक पर युवती की अस्मत लूट लिया। दरिंदगी के बाद युवक कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। शाम को युवती खेत की ओर गई थी। बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई। शनिवार को पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। सोमवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती शुक्रवार शाम खेत की ओर गई थी। बताया कि इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे गांव के दो युवकों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद तमंचा सटाते हुए अस्मत लूट ली। दरिंदगी के बाद युवक कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। आरोपियों के घर उलहना देते हुए शनिवार को पीड़िता थाने पहुंची और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। आरोप है कि तहरीर लेने के बाद पुलिस ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इलाकाई पुलिस से इंसाफ नहीं मिलता देख सोमवार को पीड़िता मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी अशोक कुमार पांडेय ने कौशाम्बी एसओ को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
युवती से दुराचार की कोशिश
सरायअकिल इलाके की एक युवती के साथ रविवार शाम पड़ोसी युवक ने दुराचार का प्रयास किया। शाम को युवती खेत से घर लौट रही थी। तभी सुनसान इलाके में युवक ने उसके साथ मनमानी का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। दूसरे दिन घर वाले उलाहना देने युवक के घर पहुंचे तो उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। सोमवार को पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।