जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे के समीप जोगीधारा तोक में सेलंग वन पंचायत के वन क्षेत्र में एक दर्जन हरे पेड़ों के कटान का मामला प्रकाश में आया है। नंदा देवी पार्क प्रशासन ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेलंग गांव के ग्रामीणों ने पार्क प्रशासन के अधिकारियों को गांव के वन पंचायत क्षेत्र में करीब एक दर्जन चीड़ के हरे पेड़ों के काटे जाने की सूचना दी। इसके बाद पार्क प्रशासन के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पार्क के डीएफओ चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि बिना अनुमति के वन क्षेत्र में पेड़ों को काटा गया है। इस पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में संलिप्त दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।