हेडिंग और इंट्रो में संशोधन के साथ--
नवजात को बेस अस्पताल के शौचालय जन्म देकर भागी मां
अस्पताल प्रशासन जुटा महिला की तलाश में, खंगाले सीसीटीवी फुटेज
बच्ची को गोद लेने आगे आए कई लोग
प्रसूति विभाग कर रहा बच्ची की देखभाल
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर।
राजकीय मेडिकल कॉलेज/बेस अस्पताल के नेटल इंसेंटिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) के शौचालय में नवजात बच्ची को जन्म देकर महिला फरार हो गई। अस्पताल प्रशासन महिला की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है।
कॉलेज के एनआईसीयू वार्ड के बाहर गैलरी में सोमवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे लोगों को किसी बच्ची की रोने की आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा शायद वार्ड में कोई बच्चा रो रहा है। इसी दौरान एक महिला शौचालय की ओर गई तो उसने वहां एक नवजात को देखा। उसने नर्सों को इसकी सूचना दी। तब एक नर्स नवजात को प्रसूति वार्ड में ले आई, जहां बच्ची की सफाई करने के बाद उसे कपड़े पहनाए गए। इस बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई। प्रसूति वार्ड की सिस्टर तेजवीरी चौधरी ने बताया कि बच्ची का जन्म सुबह ही हुआ है और वह स्वस्थ है।
इधर, अस्पताल प्रशासन सीसीटीवी फुटेज को देखकर बच्ची को छोड़ने वाली महिला का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज में सुबह लगभग 6 बजे दो महिलाएं दिख रही हैं, जिनमें से एक पर संदेह है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. सुरेश जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रसूति विभाग का स्टाफ नवजात की देखभाल कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर कई लोग बच्ची को गोद लेने आगे आ रहे हैं।
पूरी तैयारी के साथ छोड़ा बच्ची को अस्पताल
श्रीनगर। आशंका जताई जा रही है कि प्रसूता के साथ जो महिला आई वह अस्पताल और प्रसव के बारे में सब कुछ जानती होगी क्योंकि एनआईसीयू वार्ड का रास्ता आसान नहीं है। उसे पता था कि यहां हलचल कम रहती है। प्रसव के बाद वह आसानी से फरार हो सकते हैं। प्रसव कराने के बाद गर्भनाल भी काटी गई है।
गायनी वार्ड के आगे सीसीटीवी फुटेज में 6.05 बजे जो दो महिलाएं दिखाई दे रही हैं उनमें एक महिला वार्ड की ओर चली जाती है, जबकि दूसरी बेंच पर बैठ जाती है। बेंच पर बैठी महिला बेचैन से दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि वह बच्ची को शौचालय में छोड़ने के बाद दोबारा यह पुख्ता करने आए कि बच्ची को किसी ने उठा लिया है या नहीं।