अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
नेपाली यात्रियों से रकम लूटने के आरोपी कांस्टेबल मनीष रावत को सोमवार को देहरादून की भ्रष्टाचार निरोधक कोर्ट में पेश किया जाएगा। रविवार को हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने कांस्टेबल को सीेजेएम आशुतोष मिश्रा की कोर्ट में पेश कर एक दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। वहीं चेतक सवार दो पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी जांच चल रही है।
शुक्रवार की रात रोड़वेज बस स्टैंड पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल मनीष रावत ने चार नेपालियों को हिरासत में लेकर बैग की छानबीन की थी। बैग में ब्लेड मिलने पर सिपाही ने वर्दी का रौब दिखाते हुए चारों नेपालियों को जेल भेजने की धमकी थी। जिस पर सिपाही ने बैग तलाशी में मिले 56 हजार रुपये लूट लिए थे। नेपालियों ने परिवहन निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। जिस पर परिवहन निगम के अधिकारियों की दखलबाजी के बाद मामला प्रकाश में आया था। नेपालियों को शिकायत पर कांस्टेबल मनीष रावत के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने के बाद सिपाही को जेल भेज दिया था।
मायापुर चौकी प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि कांस्टेबल को स्थानीय कोर्ट में पेश कर एक दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। सोमवार को देहरादून में भ्रष्टाचार निरोधक कोर्ट में सिपाही को पेश किया जाएगा।