अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पूरी होने पर सोमवार को जीआईजी किटी ग्रुप संचालक दंपति वापस जेल पहुंच जाएगा। रिमांड पर करोड़ों की रकम का ठोस सुराग नहीं मिलने पर अब आमजन की जमा पूंजी की रकम मिलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।
मुख्य आरोपी सरदार सविंदर सिंह ने पूछताछ में जीआईजी मार्ट का संचालन कर आमजन की रकम उतारने की बात कही थी, जो संभव होती नहीं दिखाई दे रही है। करोड़ों की देनदारी के बोझ के तले दबे किटी ग्रुप संचालक सविंदर सिंह और भाजपा महिला नेता गुरप्रीत कौर उर्फ निशि को पुलिस ने दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया था। शनिवार को दंपति ने दो टूक कह दिया था कि उन्होंने जीआईजी मार्ट, तीन संपत्तियों और सोने में निवेश किया था। सोना गिरवी रखा है और एक भूखंड बेच चुके हैं। बाकी बचे दो भूखंड में से एक विवादित है। इन तीन संपत्तियों के अलावा उनके पास कुछ नहीं है। दंपति के कबूलनामे के बाद आमजन की रकम मिलने की उम्मीद कम ही दिखाई दे रही है।
भाजपा नेता के कब्जे में है करोड़ों
हरिद्वार। चर्चा ये है कि करोड़ों की रकम एक भाजपा नेता के कब्जे में है। वह भाजपा नेता ही दंपति की खासमखास है। भाजपा की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी किटी प्रकरण के शुरू होने के बाद से गायब है। भाजपाइयों ने ही दबी जुबां में बताया कि नेता से दंपति सलाह मशवरा भी करता था और लेनदेन भी बड़े स्तर पर होता था। पब्लिक मध्य हरिद्वार क्षेत्र के इस महिला नेता के घर पहुंच सकती है, ऐसी संभावनाएं बन रही है।