हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली के अंबेडकरनगर में एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर बेलन से वार करके मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से मोहल्ला कोटराना के रहने वाले अरुण की शादी दो साल पहले नेहा से हुई थी। दोनों अंबेडकरनगर में किराये के मकान में रह रहे थे। शुक्रवार की देर शाम को अरुण और नेहा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान अरुण ने नेहा के सिर पर बेलन से कई वार कर दिए। सिर पर गहरी चोट लगने से नेहा (26) की मौके पर मौत हो गई। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अरुण ने हत्या करने के बाद अपने मकान मालिक को बताया कि किसी ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने जब अरुण से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि उसने ही बेलन से वार करके नेहा की हत्या की है। उन्होंने बताया कि आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया।दोनों का तीन साल पहले प्रेम विवाह हुआ था और उनका एक बेटा है। आरोपी शहर में ही जूतों की दुकान पर काम करता है।