देहरादून। प्रेमनगर पुलिस ने अपहृत नाबालिग को आठ माह बाद बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के बयानों के बाद आरोपी पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक आठ माह पहले नाबालिग के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद मुखबिर से पता चला कि आरोपी अंबाला में रहता है। इसके बाद पुलिस टीम ने अंबाला पहुंचकर अपहृत नाबालिग को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शिशुपाल निवासी ग्राम रुडार्ठन, बंदायू के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि शिशुपाल ने शादी का लालच देकर उसका शारीरिक शोषण भी किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।