इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर/बल्लेबाज व कोच पॉल निक्सन ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया दी थी। वहीं, आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को लगातार दो बार विश्व चैंपियन बनाने वाले पूर्व कोच जॉन बुकानन ने भी मार्च में अक्षज के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने भारत में अपनी कंपनी का प्रमोशन कर रही एक टीम को देहरादून भेजा था। इस टीम ने अक्षज व उनके परिवार के साथ ही उसके स्कूल के शिक्षकों से भी बातचीत की थी। साथ ही खेल मैदान में अक्षज के साथ कई वीडियो शूट किए। ये वीडियो लॉन्च टी कंपनी के लिए शूट किए गए थे।
अब, पूर्व क्रिकेट कोच जॉन ने सोशल मीडिया पर जूनियर बुमराह के लिए संदेश लिखा है कि वे अक्षज से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने अक्षज के लिए कहा है कि अपने सपनों का पीछा करो, सफलता जरूरी मिलेगी। साथ ही कंपनी ने एक पोस्टर भी जारी कर दिया है, जिसमें जॉन व अक्षज का फोटो लगा है।
इसी वर्ष कंपनी की भारत में ओपनिंग होनी है, जिसमें अक्षज विशेष रूप से शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि जॉन सितंबर-अक्तूबर में जूनियर बुमराह से मुलाकात करेंगे। इधर, अक्षज के पिता डीपी त्रिपाठी व माता रेखा डंगवाल त्रिपाठी ने बताया कि वे बेटे के क्रिकेट प्रेम से अभिभूत हैं। छोटी सी उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।
सुबह-शाम होता है गेंदबाजी का अभ्यास
जूनियर बुमराह अपने देहरादून स्थित आवास पर सुबह-शाम कम से कम एक-एक घंटे गेंदबाजी का अभ्यास करते हैं। जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजी एक्शन में वह अपनी सटीक यार्कर से सिंगल स्टंप को हिट करते हैं।
साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तानों में एक महेंद्र सिंह धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट्स का भी अभ्यास करते हैं। उत्तराखंड राज्य गीत के लेखक व खेल कमेंट्रेटर हेमंत बिष्ट ने भी जूनियर बुमराह की खूब प्रशंसा की है।