यातायात नियमों के उल्लंघन के प्रति अब और सावधान हो जाएं। अब से सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) आपकी हर हरकत को बॉडी कैमरे से रिकॉर्ड करेगी।
पुलिस मुख्यालय ने हैंडीकैम के जरिए इकतरफा रिकॉर्डिंग को लेकर उठ रहे सवालों के बीच 20 नए बॉडी वीडियो कैमरों की खरीदारी की है। पहली मार्च से सीपीयू जवान इनसे लैस होकर सड़कों पर नजर आएंगे।
नेताओं की घेराबंदी के बीच सीपीयू को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने में पुलिस मुख्यालय बिल्कुल कंजूसी बरतने को तैयार नहीं है। अब तक सीपीयू के जवान हाथ के कैमरे के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वालों की रिकार्डिंग करते रहे हैं। इसमें आरोप लगते रहे कि जवान एक पक्षीय रिकार्डिंग करते हैं।
इस कारण उनकी अभद्रता कैमरे में नहीं आती। इसके मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सीपीयू के लिए 20 बॉडी कैमरे खरीदे हैं। हर कैमरे की कीमत करीब 88 हजार रुपये है।
कैमरा सीपीयू जवान के सीने पर लगा होगा, जो दोनों पक्षों की बातचीत रिकॉर्ड करेगा। सीपीयू जवानों को संबंधित कंपनी की ओर से इन कैमरों के संचालन की प्रशिक्षण दिया जा चुका है। एक मार्च को यह कैमरे सीपीयू को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
पहले चरण में दून की सीपीयू के लिए 20 बॉडी कैमरा खरीदे गए हैं। एक कैमरे की कीमत 88 हजार है। हेलमेट कैमरे भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
- बीएस सिद्धू, पुलिस महानिदेशक